मध्यप्रदेश में सिंधिया का है बड़ा जनाधार
कांग्रेस नेतृत्व को उनका ख्याल रखना चाहिए
-
2019-11-28 11:28 UTC
भोपालः महाराष्ट्र में भाजपा के ‘खेल’ को उजागर करने और हराने में कांग्रेस और अन्य दल व्यस्त थे, वहीं कांग्रेस नेता ज्योतिरादित्य सिंधिया ने अपने ट्विटर प्रोफाइल को बदलकर मध्य प्रदेश में हलचल मचा दी। सिंधिया ने अपनी प्रोफाइल से अपनी पार्टी के सभी संदर्भों को हटा दिया, जिसमें यह तथ्य भी शामिल थे कि वह कांग्रेस के पूर्व सांसद और यूपीए सरकार के पूर्व मंत्री हैं। मीडिया ने इसे एक संकेत के रूप में देखा कि सिंधिया कांग्रेस से बाहर निकलने के लिए तैयार हैं और भाजपा में शामिल हो सकते हैं। संविधान की धारा 370 को रद्द करने के केंद्र के फैसले का समर्थन करने की उनकी पृष्ठभूमि को याद करते हुए इस अटकल को हवा दी गई। हालांकि, सिंधिया ने इन सभी अटकलों को आधारहीन करार दिया।