गुजरात विधानसभा चुनावः मोदी के लिए क्यों है यह बहुत महत्वपूर्ण
- 2017-10-10 14:06 UTCगुजरात विधानसभा चुनाव के लिए तारीखों की घोषणा अभी तक नहीं हुई है, लेकिन वहां चुनावी संग्राम शुरू हो गया है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने अबतक वहां की ताबड़तोड़ तीन यात्राएं कर डाली हैं और उनकी ये यात्रा सरकारी कम चुनावी ज्यादा होती हैं। गुजरात को उन्होंने बुलेट ट्रेन की सौगात दी है। ताजा यात्रा के पहले जीएसटी मे बदलाव कर वहां के व्यापारी वर्ग को राहत देने की कोशिश की। मोदी ऐसे प्रधानमंत्री हैं, जो विधानसभा चुनावों को लोकसभा चुनावों की तरह ही लेते हैं। आखिर ऐसा वे करें क्यों नहीं, क्योकि अपनी पार्टी को वोट दिलाने वाले वे अब अकेले नेता रह गए हैं। पार्टी जीत के लिए उनपर पूरी तरह निर्भर हो गई है। जहां मोदी का सिक्का चलता है, वहां भाजपा की जीत हो जाती है। बिहार में मोदी का सिक्का नहीं चला था, इसलिए भाजपा वहां हार गई, हालांकि हारने के बावजूद वह वहां सत्ता में है।