नोटबंदी पर अब फिर विपक्षी हमला तेज
क्या यह पूरी तरह विफल हो गई है?
-
2017-10-07 11:24 UTC
उत्तर प्रदेश के चुनावी नतीजे आने के बाद विपक्षी पार्टियों के नेताओं ने नोटबंदी पर सरकार के खिलाफ बोलना बंद कर दिया था। उस चुनाव में इसे विपक्ष ने अपना सबसे बड़ा चुनावी मुद्दा भी बनाया था। लोगों को नोटबंदी के दौरान काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा था। 100 से ज्यादा लोग लाइन में खड़े खड़े मारे गए। अनेक बैंककर्मियों की काम के दबाव के तहत मौत हो गई। कई शादियां रुक गईं और कई फीकी हो गईं। अनेक लोग बेरोजगार हो गए और अनेक लोगों को अपनी मजदूरी नहीं मिल पाई। कई धंधें बंद हो गए। इसलिए विपक्षी पार्टियों को लग रहा था कि चुनावी मुद्दा बनाकर वह उत्तर प्रदेश और पड़ोसी उत्तराखंड में भाजपा को सत्ता में आने से रोक सकती हैं। पर हुआ बिल्कुल उल्टा। दोनों राज्यों मंे भारतीय जनता पार्टी की अभूतपूर्व जीत हुई। सच कहा जाय तो दोनों राज्यों में किसी भी पार्टी की उतनी बड़ी जीत हुई ही नहीं जितनी बड़ी 2017 के चुनाव में भारतीय जनता पार्टी की हुई।