बिहार का बढ़ता राजनैतिक अनिश्चय
नीतीश कुमार के सामने नई चुनौती
-
2017-06-03 09:45 UTC
बिहार में सबकुछ ठीक नहीं चल रहा है और नीतीश कुमार आज एक ऐसे दोराहे पर खड़े हैं, जिसकी दोनों राहें अनिश्चितता से भरी है। मंडल राजनीति से निकले सभी राजनेतओ मे नीतीश कुमार निश्चय ही सबसे ज्यादा राजनैतिक कुशलता रखने वाले नेता रहे हैं, जो जनाधारहीन होने के बावजूद न केवल लंबे समय तक बिहार के मुख्यमंत्री बने रहे हैं, बल्कि राष्ट्रीय राजनीति पर भी अपनी छाप छोड़ते रहे हैं। उनमें ऐसी कुशलता है कि भारतीय जनता पार्टी से दोस्ती करने, उसका समर्थन लेने और उसको समर्थन देने के बावजूद वे अपनी सेक्युलर छवि बनाने में सफल रहे हैं। बिहार में वे खुद अपने बूते मुख्यमंत्री नहीं बन सकते, बावजूद इसके वे प्रधानमंत्री के दावेदार बन जाते हैं।