लखीमपुर खीरी नरसंहार और उसके बाद
मंत्री अजय मिश्र का इस्तीफा नहीं होना दुर्भाग्यपूर्ण
-
2021-10-12 10:26 UTC
उत्तर प्रदेश के लखीमरपुर खीरी में किसानों के हुए नरसंहार के एक सप्ताह से भी ज्यादा हो गए हैं, लेकिन पुलिस प्रशासन ने अबतक जो कार्रवाई की है, वह अपर्याप्त है। हालांकि आशीष मिश्र, जिसे हत्या कांड का मुख्य अभियुक्त बताया जा रहा है, को गिरफ्तार कर लिया गया है, लेकिन उसकी गिरफ्तारी भी बहुत विलंब से हुई है और पुलिस द्वारा हुई विलंबित कार्रवाई का ही यह नतीजा है कि जब उसे पूछताछ के लिए बुलाया गया, तो उसके पास करीब 10 लोगों द्वारा तैयार किए गए विडियो थे, जिनमें उसे निर्दोष बताया जा रहा था। उस विडियो में लोग दावा कर रहे थे कि वारदात के समय वह उनके पास था। जाहिर है, उसे जो समय मिला, उसका इस्तेमाल उसने अपने पक्ष में सबूत तैयार करने में लगाया। सहज अंदाज लगाया जा सकता है कि उसने यथासंभव कोशिश की होगी कि उसके खिलाफ जो सबूत है, उसे नष्ट कर दिया जाय।