मध्यप्रदेश विधानसभा में जीएसटी का श्रेय लेने के लिए मची होड़
जीएसटी काउंसिल में राज्य सरकार रखेगी मध्यप्रदेश का पक्ष
-
2016-08-24 11:21 UTC
संसद के दोनों सदनों में पारित संविधान के 122वें संविधान संषोधन विधेयक 2014 (जीएसटी संबंधी) के अनुसमर्थन में आयोजित मध्यप्रदेश विधान सभा की एक दिवसीय बैठक में सर्वसम्मति से बिल का अनुसमर्थन किया गया। इस पर आयोजित चर्चा में पक्ष एवं विपक्ष के सदस्यों ने भाग लिया। भाजपा विधायकों, संसदीय कार्य मंत्री एवं मुख्यमंत्री ने इस बिल का श्रेय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी को दिया, तो कांग्रेसी सदस्यों ने पूर्व प्रधानमंत्री डाॅ. मनमोहन सिंह, यूपीए अध्यक्ष सोनिया गांधी, तत्कालीन वित्त मंत्री प्रणब मुखर्जी एवं पूर्व वित्त मंत्री पी. चिदंबरम् को जीएसटी का श्रेय दिया। जीएसटी पर चर्चा के अंत में मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने अपने नेताओं के साथ ही कांग्रेसी नेताओं को भी श्रेय दिया।