नये महासचिव के सामने पहली सबसे बड़ी चुनौती पार्टी के पुराने गौरव को वापस लाने की है और इसे देश की राजनीति मे एक बार फिर प्रासंगिक बनाने की है। सीताराम येचुरी राज्यसभा के सदस्य भी हैं और उन्होंने वहां अपनी आवाज कई बार बुलंद की है। सवाल उठता है कि उनके नेतृत्व में पार्टी क्या अपने अव्यवहारिक सिद्धांतों से ऊपर उठ पाएगी?

उनके सामने दूसरी बड़ी चुनौती पार्टी को एक बनाए रखने की है, जो आज गुटबाजी की शिकार हो गई है। केरल यूनिट में यह कुछ ज्यादा ही है। वहां पिछले कई सालों से अच्युतानंदन और विजयन एक दूसरे के खिलाफ उलझते रहे हैं। महासचिव के रूप में येचुरी की एक बड़ी जिम्मेदारी दोनों में समझौता करवाने की है। अच्युतानंदन को पोलित ब्यूरो में जगह नहीं मिली है, जबकि विजयन को उसमें शामिल कर लिया गया है। क्या उनके पास केरल यूनिट में एकता करवाने की कोई योजना है?

उनके सामने तीसरी बड़ी चुनौती पार्टी के संगठन को फिर से खड़ा करने की है। संगठन इस समय लगातार छोटा हो रहा है और बिखरता सा दिखाई पड़ रहा है। क्या इसको लेकर उनके पास कोई सोच है? आज के युवाओं की आकांक्षाएं बदली बदली सी हैं। इन आकांक्षाओ को पूरा करते हुए क्या पार्टी उन युवाओं को अपनी ओर आकर्षित कर पाएगी? आज पूरी दुनिया बदल रही है। क्या दुनिया के साथ सीपीएम अपने पुरानी अवधारणाओं को बदलकर नये जमाने के साथ तालमेल बैठाने को तैयार है?

उनके सामने चैथी बड़ी चुनौती वाम मोर्चे की एकता को बढ़ाने की भी है। सीपीएम आने वाले समय मे प्रासंगिक बनी रहे, इसके लिए वाम मोर्चे को मजबूत बनाए रखने की सख्त जरूरत है। वाम मोर्चे की चारों घटक पार्टियां अब तो एक साथ मिलकर चुनाव भी नहीं लड़ती हैं। सीपीआई और सीपीएम के बीच विलय की बातचीत भी बहुत दिनो से चलती आ रही है। महासचिव बनने के तुरंत बाद सीताराम येचुरी ने भी इसके बारे में चर्चा करते हुए कहा कि दोनों पार्टियों मंे विलय बहुत जल्द हो जाएगा।

उनके सामने पांचवीं बड़ी चुनौती विपक्ष को एकताबद्ध करने की है। भाजपा के खिलाफ सेकुलर कम्युनल मुद्दा अब काम नहीं कर रहा है। जब तक वाम पार्टियां समर्थन नहीं करें, तब तक कोई तीसरा मोर्चा खड़ा नहीं हो सकता। येचुरी की सबसे बड़ी खासियत यह है कि उन्हें एक लचीला नेता माना जाता है, जो समय के साथ अपने को बदलने की क्षमता रखते हैं। उनकी पहुंच देश की अधिकांश पार्टियों के नेताओं तक है और मीडिया के लोगों से भी उनके अच्छे संबंध हैं। यदि जनता परिवार बिहार और उत्तर प्रदेश में क्लिक करता है, तो सीताराम येचुरी का काम आसान हो जाएगा। जहां तक कांग्रेस की बात है, तो उसकी अध्यक्ष सोनिया गांधी के साथ भी सीताराम के सबंध अच्छे हैं। यही कारण है कि वे भारतीय जनता पार्टी के खिलाफ विपक्ष को एकजुट करने में बेहतर स्थिति में हैं।

केरल और पश्चिम बंगाल में अगले साल विधानसभा के चुनाव होने हैं। उन दोनों राज्यों के विधानसभा चुनावों में उनके राजनैतिक कौशल की असली परीक्षा होगी। (संवाद)