भारतीय जनता पार्टी का संबंध अपने सहयोगी भारतीय धर्म जन सेना और उसके संरक्षक संगठन श्री नारायण धर्म परिपालन योगम से खराब होता जा रहा है। गौरतलब हो कि यह संगठन केरल के इड़वा समुदाय का सशक्त संगठन है।

भारतीय धर्म जन सेना के अध्यक्ष तुषार वेल्लापल्ली ने अपनी नाखुशी को छिपाया नहीं है और उन्होंने साफ साफ कहा है कि भारतीय जनता पार्टी ने उनसे किए गए वायदे को नहीं निभाया।

गौरतलब हो कि भारतीय जनता पार्टी ने भारतीय धर्म जन सेना से वायदा किया था कि केन्द्र के अधीन कुछ निगमों का नियंत्रण जन सेना को वह देगी। पर महीनों बीत गए और वह वायदा पूरा नहीं किया गया। इसके कारण जन सेना अब गुस्से में है। यही कारण है कि तुषार अब भाजपा की आलोचना कर रहे हैं।

यह सच है कि तुषार की एक बैठक अमित शाह के साथ हुई है। ऐसा कहा जाता है कि उन्होंने उस दिशा में तेजी से प्रगति का आश्वासन दिया है। लेकिन अभी भी यह देखा जाना बाकी है कि वायदा पूरा होता है या नहीं।

तुषार के पिता वेल्लापेली नतेशन जो श्री नारायण धर्म परिपालना योगम के महासचिव हैं भाजपा की कटु आलोचना कर रहे हैं। योगम ने ही भारतीय धर्म जन सेना का गठन किया था और यह वेल्लापेल्ली नतेशन का ही निर्णय था।

वेल्लापेल्ली नतेशन ने भाजपा नेताओं की आलोचना करते हुए कहा है कि उत्तर प्रदेश की जीत के बाद उनका दिमाग खराब हो गया है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि भाजपा नेताओं ने अपने आपको नहीं बदला तो वे भाजपा से अपना संबंध तोड़ देंगे।

बाप और बेटे के संबंधों में भी खटास की खबरें सामने आ रही हैं। यह सच है कि बेटे तुषार भी भाजपा की आलोचना कर रहे हैं, लेकिन वे उस हद तक नहीं गए हैं, जिस हद तक जाकर पिता वेल्लापेल्ली भाजपा की आलोचना कर रहे हैं। वे भाजपा से संबंध तोड़ने की बात नहीं कर रहे हैं।

लेकिन पिता अपने बेटे पर लगातार दबाव बना रहा है। वह लगातार भाजपा से संबंध समाप्त करने की बात कर रहे हैं। यदि भाजपा ने तुषार की मांग को जल्द न माना, तो वे अपने पिता के दबाव में आकर पार्टी के भाजपा के साथ संबंध समाप्त करने की घोषणा कर सकते हैं।

भारतीय जनता पार्टी ओर भारतीय धर्म जन सेना के बीच संबंध जल्द ही फिर से पारिभाषित हो सकते हैं। मल्लापुरम लोकसभा क्षेत्र में 12 अप्रैल को उपचुनाव हो रहा है। यह चुनाव इंडियन यूनियन मुस्लिम लीग के राष्ट्रीय अध्यक्ष ई अहमद की मौत के कारण हो रहा है।

यदि वेल्लापेल्ली नतेशन का रवैया कोई संकेत है, तो भारतीय जनता पार्टी को श्री नारायण धर्म परिपालन योगम का पूर्ण समर्थन इस उपचुनाव में मिलना कठिन हैं वेल्लपेल्ली ने तो यहां तक कह दिया है कि इस चुनाव में भाजपा को करारी हार मिलने वाली है।

प्रदेश के भाजपा नेताओं ने वेल्लापल्ली को शांत करने का प्रयास शुरू भी कर दिया है। लेकिन एसएनडीपी के महासचिव ने ऐसा कोई संकेत नहीं दिया है, जिससे लगे कि वे शांत होने का तैयार हैं। (संवाद)