बैठक में मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चैहान ने 2003 की स्थितियों से प्रदेश की तुलना करते हुए कहा कि पिछले 15 सालों में प्रदेश ने अभुतपूर्व विकास किया है। सरकार ने किसानों, महिलाओं, छात्रों एवं युवाओं के लिए बहुत कुछ किया है। श्री चौहान ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का भरपूर गुणगान किया। यहां तक कि उन्होंने उनकी तुलना स्वामी विवेकानंद तक से कर दी। केन्द्रीय मंत्री नरेन्द्र सिंह तोमर ने पार्टी पदाधिकारियों से कहा कि कांग्रेस एवं मीडिया की बातों में मत आइए। 2013 में भी मीडिया के अनुमान फेल हो गए थे। 2018 में भी पहले की तरह कांग्रेस दुष्प्रचार करेगी। कार्यकर्ता उसका डटकर मुकाबला करें। भाजपा के केन्द्रीय संगठन मंत्री रामलाल ने कहा कि चुनाव युद्ध की तरह होता है। इसमें हर दिन का महत्व है। पूरी तैयारी के साथ इसमें उतरना है। हमारी जैसी चिंता विधानसभा चुनाव जीतन की है, वैसी ही चिंता हर बूथ जीतने की होनी चाहिए। उन्होंने नारा दिया कि ‘‘बूथ जीता, तो चुनाव जीता’’। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष राकेश सिंह ने बताया कि 14 मई से पंचायत चलो अभियान चलाया जाएगा।
उल्लेखनीय है कि पिछले कुछ महीने से प्रदेश भाजपा में सबकुछ अच्छा नहीं चल रहा है। यहां तक पिछले कई उप चुनावों में भाजपा को हार मिली है। ऐसे में पूर्व प्रदेश अध्यक्ष नंद कुमार सिंह चैहान के नेतृत्व में भाजपा विधानसभा चुनावों में नहीं उतरना चाहती थी। बड़ी जद्दोजहद के बार राकेश सिंह को प्रदेश भाजपा अध्यक्ष बनाया गया। ऐन चुनाव के पहले अध्यक्ष के बदले जाने के बाद पार्टी कार्यकर्ताओं को एकजुट करने के लिए राष्ट्रीय अध्यक्ष के नेतृत्व में इस बड़े आयोजन को अंजाम दिया गया। इस आयोजन से तीन दिन पहले कांग्रेस के नवयुक्त प्रदेश अध्यक्ष कमलनाथ ने भोपाल में बड़ा रोड शो करने के बाद पद ग्रहण किया था। उस रोड शो के बाद यह बात भी सुनाई पड़ने लगी थी कि आज आयोजित बैठक से पहले अमित शाह का भी रोड शो किया जाए, लेकिन भाजपा ने ऐसा नहीं किया। आज की बैठक में अधिकांश वक्ताओं ने अपने संबोधन में कांग्रेस को निशाने पर लिया। वे यह कहते रहे कि कांग्रेस इस बार भी प्रदेश में असफल रहेगी और भाजपा पहले से ज्यादा सीटों के साथ चैथी बार सरकार बनाएगी। अभी से अगस्त तक के लगातार यात्राओं एवं अभियानों की बदौलत भाजपा लोगों तक जाएगी और कार्यकर्ताओं को एकजुट करेगी। 15 मई से 15 जून तक प्रदेश में विकास यात्राएं भी निकाली जाएगी। इस बैठक के बाद भाजपा को उम्मीद है कि निष्क्रिय पड़ी पार्टी ज्यादा सक्रिय होकर प्रदेश में भाजपा के प्रति माहौल बनाने में कामयाब होगी। (संवाद)
विधानसभा चुनाव से पहले भाजपा का हर घर पहुंचने की योजना
मध्यप्रदेश के चुनावों में सोशल मीडिया पर रहेगा जोर
राजु कुमार - 2018-05-05 03:58
मध्यप्रदेश विधान सभा चुनाव के लिए सत्तारूढ़ भाजपा ने आज से चुनावी शंखनाद कर दिया। भोपाल में आयोजित भाजपा के प्रदेश स्तरीय विस्तारित बैठक में पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह सहित कई वरिष्ठ नेताओं ने शिरकत की। इसमें भाजपा के मंडल स्तरीय पदाधिकारियों ने हिस्सा लिया। इस मौके पर अमित शाह ने पार्टी पदाधिकारियों को संबोधित करते हुए कहा कि मध्यप्रदेश में भाजपा बहुत अधिक मार्जिन से जीत को सुनिश्चित करे। उन्होंने कहा कि पार्टी के स्थानीय पदाधिकारी हर घर तक जाएं। प्रदेश में हर व्यक्ति तक सरकार की योजनाओं की जानकारी पहुंचनी चाहिए और उनकी अपेक्षाएं पार्टी तक आनी चाहिए। उन्होंने कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी पर तीखा प्रहार करते हुए कहा कि कांग्रेस विभाजनकारी नीतियों पर चल रही है। कांग्रेस के लोग संवैधानिक पदों पर बैठे लोगों को अपमानित करने का काम कर रही है।