चिकित्सकीय देखभाल में कॉर्पोरेट कंपनियों का पहला बड़ा प्रवेश 1980 के दशक में हुआ, जब 1983 में चेन्नई में अपोलो हॉस्पिटल खुला, उसके बाद 1986 में हैदराबाद में और 1996 में दिल्ली में। 2014 में भाजपा सरकार के केन्द्र की सत्ता में आने के बाद यह प्रक्रिया और तेज़ हो गई। स्वास्थ्य क्षेत्र में निजी इक्विटी और वेंचर कैपिटल (पीईवीसी) निवेश में काफ़ी बढ़ोतरी हुई। पिछले दशक में, हमने कॉर्पोरेट हॉस्पिटल चेन का तेज़ी से विस्तार देखा है। हेल्थकेयर, जिसे कभी मुख्य रूप से सरकार की ज़िम्मेदारी और जन-कल्याण का बड़ा मुद्दा माना जाता था, अब तेज़ी से मुनाफ़े का मामला बन गया है। इस तरह, सेवा, भरोसे और सहानुभूति पर आधारित मरीज़-केंद्रित नज़रिया धीरे-धीरे एक ऐसे मॉडल में बदल रहा है जहां राजस्व और मुनाफ़ा प्राथमिकता बन गए हैं।

1990 के दशक से कॉर्पोरेट अस्पतालों की संख्या तेज़ी से बढ़ी है। हेल्थकेयर के कॉर्पोरेटाइजेशन और वित्त पोषण में वैश्विक वित्त कंपनियों की मौजूदगी भी बढ़ी है। सरकारी एजंसियों ने निजी निवेशकों के लिए बड़े मौकों को उजागर करके और यह बताकर कि हॉस्पिटल क्षेत्र वैश्विक और घरेलू निवेश को आकर्षित कर रहा है और भारत चिकित्सा पर्यटन का केन्द्र बन रहा है, इस बदलाव को बढ़ावा दिया है।

इस बदलाव के साथ, बाज़ार तेज़ी से नियंत्रण करने वाली ताकत बन गया है। अस्पतालों ने शेयर जारी करना शुरू कर दिया है, जो पहले कभी नहीं सुना गया था। इस प्रक्रिया ने आबादी के एक बड़े हिस्से को बेहतर हेल्थकेयर सुविधाओं से दूर कर दिया है। समाज के सिर्फ़ अमीर लोग ही इन फाइव-स्टार अस्पतालों का खर्च उठा सकते हैं। साथ ही, सरकारी हेल्थकेयर प्रणाली पर बोझ बढ़ गया है और वह कॉर्पोरेट अस्पतालों के वित्तीय संसाधन और अवसंरचना का मुकाबला करने में असमर्थ हो गया है।

हर चमकती चीज़ सोना नहीं होती। अपनी फाइव-स्टार इमारतों और आधुनिक सुविधाओं के बावजूद, ये अस्पताल ज़्यादातर भारतीयों की पहुंच से बाहर हैं। इन अस्पतालों में काम करने का तरीका भी बिल्कुल अलग है। डॉक्टरों पर आधारित संस्थानों के बजाय, ये तेज़ी से व्यवसाय-आधारित उद्यम बन गए हैं। डॉक्टरों से अस्पताल के लिए रेवेन्यू (कमाई) लाने की उम्मीद की जाती है। नियमित समीक्षा बैठकों में, एजंडा अक्सर मरीज़ों पर ध्यान देने के बजाय कमाई पर केंद्रित होता है।

ये अस्पताल मरीज़ों से भारी फीस वसूलकर और शेयर बेचकर पैसा कमाते हैं। साथ ही, कर्मचारियों, खासकर नर्स, वार्ड स्टाफ और लैब वर्कर जैसे कम आय वाले कर्मचारियों की सैलरी कम करने का दबाव भी रहता है। अब इन अस्पतालों के मालिक कॉर्पोरेशन होते हैं, जिनके मालिक शेयरहोल्डर होते हैं, जिसके कारण किसी एक व्यक्ति की सीधी ज़िम्मेदारी नहीं होती। निवेश के तौर पर मालिकाना हक बदला या हस्तांतरित किया जा सकता है, और यह इक्विटी शेयर और कैपिटल पर आधारित होता है। इस तरह पूरी प्रणाली हर संभव तरीके से कमाई करने पर केंद्रित हो जाता है। यह भी विडंबना है कि इनमें से कई अस्पताल अपने मुनाफ़े को हेल्थकेयर सर्विस को बेहतर बनाने में ठीक से दोबारा निवेश नहीं करते, बल्कि सट्टेबाज़ी वाले वित्त बाजार में निवेश करते हैं। व्यवसाय को बढ़ावा देने के लिए, ये अस्पताल अक्सर फाइव-स्टार जगहों पर शैक्षणिक बैठकें आयोजित करते हैं, और कभी-कभी हेल्थकेयर संस्थानों से अपेक्षित नैतिक मानकों से समझौता भी करते हैं। कई कॉर्पोरेट अस्पतालों में, मरीज़ों को बाहर की फार्मेसी से सस्ती दवाएं खरीदने से रोका या हतोत्साहित भी किया जाता है।

जबकि सरकारी स्वास्थ्य अवसंरचनाएं प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र (पीएचसी) और सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र (सीएचसी) के ज़रिए ग्रामीण इलाकों में सेवाएं देती है, सरकारी और निजी दोनों तरह के अस्पतालों के लगभग 65% से 69% बिस्तर शहरी मेट्रो और टियर-1 शहरों में केंद्रित हैं। अस्पताल के बिस्तर और अवसंरचना की तुलना से पता चलता है कि सरकारी क्षेत्र में लगभग 714,000 से 819,000 विस्तर हैं, जबकि निजी क्षेत्र में 11.8 लाख से 14 लाख बिस्तर हैं। राष्ट्रीय सांख्यिकी कार्यालय के आंकड़े के अनुसार, निजी अस्पतालों में भर्ती होने का औसत खर्च लगभग ₹50,508 है, जबकि सरकारी अस्पतालों में यह खर्च सिर्फ़ ₹6,631 है।

कमज़ोर सार्वजनिक क्षेत्र और भुगतान करने की क्षमता के आधार पर शर्तों के साथ सेवा देने की इजाज़त देने से निवेशकों के लिए एक मुनाफ़े वाला हेल्थकेयर बाजार बनता है। दूसरे शब्दों में, हेल्थकेयर उन लोगों के लिए तो उपलब्ध हो जाता है जो इसका खर्च उठा सकते हैं, लेकिन उन लोगों के लिए नहीं जो खर्च नहीं कर सकते।

भारत में सभी पीईवीसी निवेशों के मुकाबले हेल्थकेयर उद्योग में पीईवीसी निवेश दोगुना हो गया है – जो कोविड से पहले के सालों (2017–2019) में औसतन 5% था, 2020–2023 के दौरान लगभग 10% हो गया।

हेल्थकेयर के कॉर्पोरेटाइजेशन ने डॉक्टरों की पेशेवर आज़ादी को भी सीमित कर दिया है। उनसे अब राजस्व से जुड़े लक्ष्य पूरे करने की उम्मीद की जाती है, जिसमें भर्ती, डायग्नोस्टिक टेस्ट और इलाज की प्रक्रियाओं के लिए कोटा शामिल है। यह मॉडल छोटे और मध्यम आकार के निजी और धर्मादा अस्पतालों पर भी असर डाल रहा है। कई अस्पताल प्रतिस्पर्धा में बने रहने के लिए कर्ज ले रहे हैं, स्पेशलिस्ट कंसल्टेंट रख रहे हैं और महंगे मेडिकल उपकरण में निवेश कर रहे हैं। नतीजतन, इन सुविधाओं में इलाज का खर्च तेज़ी से बढ़ा है, जिससे आर्थिक रूप से कमज़ोर मरीज़ों की पहुंच कम हुई है और इलाज कराने वालों की आर्थिक मुश्किलें बढ़ी हैं।

कॉर्पोरेटाइजेशन ने डॉक्टर-मरीज़ के रिश्ते पर भी दबाव डाला है, जिससे भरोसा कम हुआ है और डॉक्टरों व अस्पताल के कर्मचारियों के साथ हिंसा की घटनाएं बढ़ी हैं। निजी हेल्थकेयर के तेज़ी से विस्तार के साथ-साथ सार्वजनिक स्वास्थ्य प्रणाली में लंबे समय से कम निवेश की समस्या भी रही है। नतीजतन, कई मरीज़ तभी सरकारी सुविधाओं का रुख करते हैं जब निजी इलाज का खर्च उठाना मुश्किल हो जाता है। इससे एक दो-स्तरीय प्रणाली मज़बूत होती है, जिसमें इलाज की पहुंच और गुणवत्ता का फ़ैसला ज़्यादातर पैसे देने की क्षमता से होता है।

भारत में हेल्थकेयर के कॉर्पोरेटाइजेशन के साथ-साथ मेडिकल शिक्षा का भी तेज़ी से निजीकरण हुआ है। आज, भारत में लगभग आधे मेडिकल कॉलेज निजी तौर पर चलाए जा रहे हैं, जहां छात्रों को भारी फ़ीस देनी पड़ती है। इनमें से कई संस्थानों में ज़रूरी अवसंरचना, पढ़ाने वाले शिक्षकों, और क्लिनिकल अनुभव की कमी है, जिससे प्रशिक्षण की गुणवत्ता पर असर पड़ता है। स्नातक के बाद, छात्र अक्सर अपनी पढ़ाई में किए गए भारी निवेश को वसूलने के लिए ज़्यादा कमाई वाली विशेषज्ञता या कॉर्पोरेट क्षेत्र की नौकरियों को चुनते हैं।

इस रूझान के ख़िलाफ़ एक जन-आंदोलन की तत्काल ज़रूरत है। जागरूक और संवेदनशील नागरिकों को अलग-अलग तरीकों से लोगों के बीच यह जानकारी फैलाने की ज़िम्मेदारी लेनी चाहिए। लोग अपनी तकलीफ़ों से वाकिफ़ हैं, लेकिन जानकारी और संगठित जन-कार्रवाई की कमी के कारण अक्सर आगे का रास्ता नहीं खोज पाते। इस सिलसिले में, यूएनयू ग्लोबल हेल्थ और ओपी जिंदल ग्लोबल यूनिवर्सिटी द्वारा 25-26 सितंबर 2026 को नई दिल्ली में 'भारत में हेल्थकेयर का कॉर्पोरेटाइजेशन' विषय पर आयोजित संगोष्ठी एक सराहनीय पहल है। देश भर के मेडिकल पेशेवर और अर्थशास्त्रियों ने 'सभी के लिए स्वास्थ्य' का आंदोलन खड़ा करने के मकसद से वकालत और नेटवर्किंग की कार्ययोजना तैयार करने के लिए अपने विचार, अनुभव और शोध कार्य साझा किए। (संवाद)