इन गतिविधियों ने भ्रष्टाचार के खिलाफ प्रदेश में राजनैतिक दलों के आंदोलनों को नई धार प्रदान कर दी है। सीपीआई के प्रदेश महासचिव ने पत्रकारों को बताया कि पार्टी महासचिव ए बी बर्धन की उपस्थिति में हुई एक बैठक में पार्टी ने राज्य भर में भ्रष्टाचार के खिलाफ आंदोलन तेज करने का फैसला किया है। इसके तहत मई महीने में आंदेालन के अनेक कार्यक्रमों को प्रदेश भर में चलाया जा रहा है।
श्री अंजान में कहा कि जिला स्तर पर इसके खिलाफ सभा, जुलूस प्रदर्शन और बैठकें की जा रही हैं। मनरेगा, वृद्धावस्था पेंशन, विधवा पेंशन, बिजली संकट, खाद और बीजों की कमी, बढ़ती बेरोजगारी, कानून व्यवस्था की बिगड़ती स्थिति और चौतरफा भ्रष्टाचार के मसलों को आंदोलन के जरिए रेखांकित किया जा रहा है।
भारतीय जनता पार्टी ने कार्टून प्रदर्शनियों के द्वारा भ्रष्टाचार के मसले को प्रचारित करना शुरू किया है। राज्य सरकार के भ्रष्टाचार को कार्टूनों द्वारा रेखांकित जा रहा है। ये कार्टून प्रदर्शनियां राज्य मुख्यालय में हो रही हैं।
भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष सूर्य प्रताप शाही ने पिछले 5 मई को लखनऊ में इस तरह की एक प्रदर्शनी का उद्धाटन किया, जिसमें चीनी मिलों को निजी हाथों में बेचने के मामलों में हुए भ्रष्टाचार को दर्शाया गया हैं
अप्रैल महीनें के अंतिम सप्ताह में भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव रवि शंकर प्रसाद ने भी लखनऊ में इस तरह की एक प्रदर्शनी का उद्घाटन किया था।
गौरतलब है कि भारतीय जनता पार्टी ने मायावती सरकार के दौरान 100 महाघोटालों की एक सूची जारी की है, जिनमें 2 लाख 70 हजार करोड़ रूपए की राशि के घोटाले का आरोप है। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष का कहना है कि अगले 12 मार्च को पार्टी राष्ट्रपति को इन घोटालों से संबंधित एक एफआईआर देगी, जिनमें आरोपों के साथ दस्तावेजी सबूत भी होंगे।
कांग्रेस ने भ्रष्टाचार के मामलों को उछालने के लिए आरटीआई कानून का सहारा लेना शुरू किया है। खुद राहुल गांधी भ्रष्टाचार के मामलों की जानकारी के लिए आरटीआई कानून के तहत सरकार के पास पेटीशन दे चुके हैं। अन्य कांग्रेसी भी उनके कदम पर चलते हुए इस तरह के पटीशन सरकारी कार्यालयों मे देते देखे जा रहे हैं।
मुख्य विपक्षी दल समाजवादी पार्टी ने भी राज्य भर में भ्रष्टाचार के खिलाफ आंदोलन चला रखा हैं। पार्टी खासकर स्मारकों और मूर्त्तियों के निर्माण में हुए घपलों को उठा रही है। उसके अनुसार इसमें 40 हजार करोड़ रूपए के घोटाले हुए हैं। (संवाद)
उत्तर प्रदेश में भ्रष्टाचार के खिलाफ आंदोलन जोर पकड़ा
सीबीआई ने भी की शुरू गिरफ्तारियां
प्रदीप कपूर - 2011-05-07 11:54
लखनऊः प्रदेश में भ्रष्टाचार के खिलाफ चल रहे आंदोलनों के बीच सीबीआई ने इससे जुड़े मामलों मंे गिरफ्तारियां शुरू कर दी हैं। पिछले दिनों अनेक अधिकारियों को भ्रष्टाचार के अलग अलग मामलों में गिरफ्तार किया गया। उन्हीं दिनों अन्ना हजारे की टीम ने भी राज्य में तीन जगह सभाएं की।