वैक्सिन आ रहा है, कोविड जा रहा है
यदि हर्ड इम्युनिटी बन रही है, तो फिर वैक्सिन क्यों?
-
2020-12-17 11:03 UTC
अमेरिका और यूरोप कोरोना के कहर का सामना कर रहा है, तो भारत में कोरोना का बुखार लगातार उतरता जा रहा है। यूरोपीय देशों और अमेरिकी महादेशों के संयुक्त राज्य अमेरिका में मौसम ठंढा होने के साथ जब कोरोना के मामले बढ़ रहे थे, तब भारत को भी यह सोच कर कंपकंपी लग रही थी कि कहीं दिसंबर और जनवरी की शीतलहरी में यहां भी करोना की दूसरी लहर न आ जाय। प्रथम लहर में प्रतिदिन कोरोना के मामले 98 हजार के आसपास पहुंच गए थे। फिर नये मामले में गिरावट भी आ रही थी, लेकिन उस गिरावट से न तो यहां के लोगों को और न ही नीति निर्माताओं को सुकून मिल रहा था, क्योंकि शरद ऋतु का डर सता रहा था। लेकिन यह डर भी गलत साबित होता दिख रहा है।