उत्तर प्रदेश की दो प्रमुख विपक्षी पार्टियां- समाजवादी पार्टी और बहुजन समाज पार्टी- इस समय सदस्यता अभियान में लगी हुई है और अपने आपको मजबूत करने की कोशिश कर रही हैं, तो कांग्रेस अध्यक्ष राजबब्बर लोगों तक पहुंचने की कोशिश कर रहे हैं।
उनकी यह कोशिश सफल होती दिख रही है। उसकी सफलता से उत्साहित होकर श्री बब्बर पार्टी के अन्य नेताओं को भी प्रेरित कर रहे हैं कि वे मुद्दों की पहचान करें और आंदोलन की योजना बनाएं।
राज बब्बर ऐसे पहले नेता थे, जो आॅक्सीजन की कमी के कारण बच्चों की मौत के बाद सबसे पहले गोरखपुर के बीआरडी काॅलेज पहुंचे थे। वे पीड़ित परिवारों के पास भी पहुंचे थे और उन्होंने पार्टी की तरफ से उन्हें हर संभव सहायता करने का भरोसा दिया था।
अंबेडकरनगर के अपने अभियान के दौरान वे पुलिस कार्रवाई में घायल भी हो गए थे। वहां वे उन किसानों का समर्थन करने पहुंचे थे, जिनके मकानों को रोड को चैड़ा करने के लिए तोड़ा जा रहा था। किसानों की शिकायत थी कि उन्हें मुआवजा दिए बिना ही उन्हें बेघर किया जा रहा है।
राज्यसभा में उस मसले को कांग्रेस नेता प्रमोद तिवारी और राज बब्बर ने खुद भी उठाया था। श्री बब्बर किसानों के घरों को टूटने से बचाने में सफल हुए थे और प्रशासन को यह आश्वासन देना पड़ा था कि उन घरों के लिए आवश्यक मुआवजा दिया जाएगा।
गोरखपुर की तरह ही जब फर्रुखाबाद में भी आॅक्सीजन की कमी के कारण बच्चों की मौत हुई, तो वहां भी श्री बब्बर पहुंचे थे। उन्होंने वहां कांग्रेस कार्यकर्ताओं के साथ मिलकर धरना भी दिया था।
राज बब्बर ने इस संवाददाता को बताया था कि वे आंदोलन का गांधीवादी तरीका अपना रहे हैं और धरना देते हुए भजन गा रहे हैं। गांधीजी का भजन रघुपति राघव राजा राम वे वहां गा रहे थे। उन्होंने दावा किया कि उनका यह तरीका कारगार साबित हो रहा है और उसके कारण लोग अधिक संख्या मे उसमे शिरकत कर रहे हैं।
योजना के तहत पार्टी के वरिष्ठ नेताओं को अलग अलग शहरों मे आंदोलन की जिम्मेदारियां दी जा रही हैं। वे वहां के मसलो को उठाकर लोगों के बीच ले जाएंगे और उच्च अधिकारियो पर दबाव डालकर उनका समाधान निकालने को बाध्य करेंगे।
पूर्व मंत्री जतिन प्रसाद ने लखिमपुर खीरी में हरिजनों पर हुए अत्याचार के मुद्दे को उठाते हुए एक आंदोलन किया था। उसमें भारी तादाद में लोग शामिल हुए थे।
राज बब्बर महसूस करते हैं कि पार्टी को लोगों के मुद्दे को उठाना चाहिए और उन्हे हल भी करवाना चाहिए। तभी आम लोगों में पार्टी के प्रति विश्वास बढ़ेगा और तभी कांग्रेसियो का अपना आत्मविश्वास भी बढ़ेगा। (संवाद)
उत्तर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने जनआंदोलन की योजना बनाई
जमीनी स्तर पर विश्वास पैदा करने की कोशिश
प्रदीप कपूर - 2017-09-15 13:06
लखनऊः प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष राज बब्बर ने कांग्रेस में फिर से आत्मविश्वास पैदा करने के लिए आंदोलन की रूपरेखा तैयार की है। इसके तहत प्रदेश भर में राजनैतिक अभियान छेड़कर लोगों की समस्यााओं के खिलाफ आंदोलन किया जाएगा।