सबसे नृशंस घटना की खबर फतेहपुर से आई। वहां सारिका नाम की एक दलित लड़की को कसाई के छूरे से काटा गया। उसका अपराध था कि उसने बलात्कार की कोशिशों का विराध किया था। तीन बदमाशों ने मिलकर उसके चेहरे पर वार किए और उसकी खोपड़ी को भी तोड़ा। उसने अंत अंत तक बलात्कार की कोशिश का विरोध किया। अभी वह कानपुर के एक अस्पताल में है और डाक्टरों का कहना है कि उन्हें नहीं पता वह अपना मूल चेहरा पा सकेगी। उसके साथ वह अपराध पिछले 5 फरवरी को हुआ था।

उसके बाद 7 फरवरी को एक और भयानक घटना घटी। झांसी जिले के तकतौली गांव में एक 17 साल की लड़की को उसके घर में ही जला दिया गया। जलाने के पहले स्थानीय गुंडों ने उसके साथ बलात्कार भी किया था।

एक और घटना में 15 साल की एक लड़की के साथ बलात्कार किया गया। वह शाम को अपने घर लौट रही थी। रास्ते में वह गंुडो की हवश का शिकार बन गई। इस मामले में दो लोगों को गिरफ्तार किया गया है। बलात्कार की एक घटना मुरादाबाद में भी घटी।

दिल्ली से सटे गाजियाबाद में भी कुछ लड़कों ने एक लड़की के साथ बलात्कार किया और उसके सामान लेकर भाग गए। बलात्कार और गुंडागर्दी की शिकार सभी लड़कियों के परिजन पुलिस प्रशासन के रवैये से नाराज हैं। उनका आरोप है कि उत्तर प्रदेश में लड़कियां सुरक्षित नहीं हैं। मायावती की सरकार शिकार लड़कियों के प्रति सहानुभूतिशील नहीं है और घटना के बाद त्वरित कार्रवाई नहीं हो पाती है।

मुख्यमंत्री मायावती के उत्तर प्रदेश दौरे के दौरान कुछ महिलाओं ने साहस दिखलाते हुए उन्हें आगे बढ़ने से रोका। उनमें से एक सुनीता है, जिसका आरोप है कि मायावती सरकार के एक मंत्री ने उसके पिता की हत्या करवा दी है। उसने यह आरोप बसपा मंत्री जयवीर सिंह ठाकुर पर लगाया है। सुनीता के पिता ग्रामीण अभियंत्रण विभाग में एक जूनियर इंजिनियर थे।

अब सुनीता कह रही है कि यदि उसके साथ न्याय नहीं किया गया और मंत्री को दंडित नहीं किया गया, तो वह आत्महत्या कर लेगी। उसका कहना है कि मंत्री उसके पिता से गैरकानूनी काम करवाना चाहते थे, लेकिन उसके पिता इसके लिए तैयार नहीं थे। इसी कारण उनकी हत्या करवा दी गई।
सुनीता के अलावा दो और महिलाओं ने मुख्यमंत्री मायावती कार को रास्ते में रोका था। इन तीनों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर दिया गया है।

कांग्रेस महासचिव राहुल गांधी उत्तर प्रदेश में आकर जुर्म की शिकार महिलाओं से आकर मिले। उन्होंने बांदा में आकर उस लड़की से भी मुलाकात की, जिसके साथ बसपा विधायक पुरुषोत्तम द्विवेदी ने बलात्कार किया था। कानपुर जाकर उन्होंने सारिका से भी मुलाकात की। राहुल गांधी ने सुल्तानपुर की भी यात्रा की और वहां एक मुस्लिम लड़की से मिले, जिसके साथ 1 फरवरी को दुर्व्यहार किया गया था। (संवाद)