विधानसभा चुनाव से पहले भाजपा का हर घर पहुंचने की योजना
मध्यप्रदेश के चुनावों में सोशल मीडिया पर रहेगा जोर
-
2018-05-05 03:58 UTC
मध्यप्रदेश विधान सभा चुनाव के लिए सत्तारूढ़ भाजपा ने आज से चुनावी शंखनाद कर दिया। भोपाल में आयोजित भाजपा के प्रदेश स्तरीय विस्तारित बैठक में पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह सहित कई वरिष्ठ नेताओं ने शिरकत की। इसमें भाजपा के मंडल स्तरीय पदाधिकारियों ने हिस्सा लिया। इस मौके पर अमित शाह ने पार्टी पदाधिकारियों को संबोधित करते हुए कहा कि मध्यप्रदेश में भाजपा बहुत अधिक मार्जिन से जीत को सुनिश्चित करे। उन्होंने कहा कि पार्टी के स्थानीय पदाधिकारी हर घर तक जाएं। प्रदेश में हर व्यक्ति तक सरकार की योजनाओं की जानकारी पहुंचनी चाहिए और उनकी अपेक्षाएं पार्टी तक आनी चाहिए। उन्होंने कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी पर तीखा प्रहार करते हुए कहा कि कांग्रेस विभाजनकारी नीतियों पर चल रही है। कांग्रेस के लोग संवैधानिक पदों पर बैठे लोगों को अपमानित करने का काम कर रही है।