भारत के मसले पर नेपाली माओवादी दो फाड़
भट्टराई पर कट्टरवादियों का हमला
-
2011-11-08 13:03 UTC
कोलकाताः पिछले 3 नवंबर को यूनाइटेड सीपीएन (माओवादी) की केन्द्रीय समिति की बैठक अफरातफरी में आयोजित की गई थी। उस बैठक में नेपाली माओवादियों का विभाजन साफ नजर आया। पार्टी के वाइस चेयरमैन मोहन वैद्य ने अपने 10 बिंदुओं को विरोधपत्र जारी किया। चेयरमैन पुष्प कमल दहल उर्फ प्रचंड ने अपनी चिंता जाहिर करते हुए कहा कि पार्टी में मतभेद अपने चरमोत्कर्ष पर पहुंच गया है। बैठक के एक रोज पहले वाइस चेयरमैन मोहन वैद्य उर्फ किरणजी ने पार्टी द्वारा नेपाल की अन्य पार्टियों के साथ सात सूत्री शांति समझौते का विरोध किया था। उस समझौते का एक महत्वपर्ण बिंदु है माओवादियों की जन मुक्ति सेना का नेपाल की सेना में विलय।