गरीब भारत का अचानक बिना किसी तर्क के सोने के आयात पर जोर
सोने पर आयात शुल्क में कटौती 2013 के बाद सबसे अधिक
-
2024-08-08 10:37 UTC
सोने और गोल्ड डोरे पर भारतीय आयात शुल्क में अचानक और सबसे तेज कटौती काफी भ्रामक प्रतीत होती है, क्योंकि सोने पर 15 प्रतिशत आयात शुल्क के बावजूद पिछले वित्तीय वर्ष में भारत का पीली धातु का आयात लगभग 30 प्रतिशत बढ़कर 45.54 अरब अमेरिकी डॉलर हो गया। उसके पहले वाले वर्ष में सोने का आयात लगभग 37 अरब डॉलर का था। इस वर्ष के बजट में सोने पर सीमा शुल्क में भारी कटौती करके इसे नौ प्रतिशत घटाकर केवल छह प्रतिशत कर दिया गया, जो अब जून 2013 के बाद सबसे कम है, जबकि गोल्ड डोरे पर सीमा शुल्क 14.35 प्रतिशत से घटाकर 5.35 प्रतिशत कर दिया गया है।