बिहार की सियासी हलचल
जातिगणना रोकने की कोशिश भाजपा पर भारी पड़ी
-
2022-08-10 13:01 UTC
आखिरकार भारतीय जनता पार्टी बिहार की सत्ता से बाहर हो ही गई। जिस पार्टी का सिद्धांत किसी भी शर्त पर सत्ता में आना और बने रहना हो, उसकी इस तरह से सत्ता में बिदाई उसके लिए एक बहुत बड़ा झटका है। पर यह बहुत कम लोगों को दिखाई दे रहा है कि इस झटके की पृष्ठभूमि उसी समय तैयार हो गई थी, जब नीतीश कुमार ने बिहार में जाति गणना का निर्णय ले लिया था। भारतीय जनता पार्टी इस निर्णय के सख्त खिलाफ थी और नीतीश कुमार बिहार के लोगों से बहानेबाजी करते हुए इसे लगातार टालने की कोशिश कर रहे थे। तब लालू यादव ने ही इस बात का खुलासा किया था कि भाजपा के विरोध के कारण नीतीश जाति गणना नहीं करवा रहे हैं। लगता है, यह सूचना लालू यादव को खुद नीतीश से या नीतीश से जुड़े किसी खास व्यक्ति से मिली होगी।