भारत
नरेन्द्र मोदी की मुजफ्फरपुर रैली
लालू और नीतीश के मर्मस्थल पर हमला
-
2015-07-29 13:17 UTC
प्रधानमंत्री बनने के बाद नरेन्द्र मोदी की यह पहली बिहार यात्रा थी। यात्रा के दौरान उन्होंने मुजफ्फरपुर में एक सभा को संबोधित किया, जो वास्तव में एक चुनावी सभा ही थी और श्री मोदी का भाषण पूरी तरह से चुनावी ही था। दिल्ली विधानसभा चुनाव में नरेन्द्र मोदी का जादू नहीं चला था। सवाल उठ रहा है कि क्या बिहार विधानसभा चुनाव में उनका जादू चलेगा या वहां भी दिल्ली ही दुहरा दी जाएगी। इस सवाल का जवाब मुजफ्फरपुर की रैली में मिल गया है। दिल्ली में श्री मोदी को केजरीवाल के खिलाफ बोलने के लिए कुछ मिल नहीं रहा था, इसलिए उनके भाषण में वह तेज नहीं था, जिसके कारण लोकसभा चुनाव में उनकी जीत हुई थी। जब आपके पास किसी के खिलाफ बोलने के लिए कुछ भी नहीं हो, फिर भी आप उसके खिलाफ कुछ बोलें, तो आप दयनीय हो जाते हैं। दिल्ली विधानसभा चुनाव प्रचार के दौरान नरेन्द्र मोदी के भाषणों की दयनीयता को महसूस किया जा सकता था।