कोरोना की तीसरी लहर
कैसे हो पाएंगे फरवरी में पांच राज्यों में चुनाव
-
2021-12-29 11:28 UTC
अब सभी विशेषज्ञ कहने लगे हैं कि भारत में कोरोना की तीसरी लहर शुरू हो चुकी है। प्रति दिन कोरोना संक्रमण के मामले बढ़ने लगे हैं। यदि संक्रमितों की संख्या को देखा जाय, तो यह अभी भी कम है, लेकिन संख्या कितनी तेजी से बढ़ती है, यह हम समाप्त हो रहे साल के अप्रैल और मई महीनों में देख चुके हैं। वह कोरोना का डेल्टा वैरिएंट था। तीसरी लहर ओमिक्राॅन वैरिएंट पर सवार है, जो डेल्टा से कई गुना संक्रामक है। जो सबसे ज्यादा आशावादी हैं, उनके अनुसार डेल्टा की अपेक्षा ओमिक्राॅन तीन गुना ज्यादा तेजी से फैलता है। इससे भी खराब बात यह है कि यह इस बात की परवाह नहीं करता कि आपने टीका ले रखा है या नहीं, अथवा आपको पहले कोरोना संक्रमण हो चुका है या नहीं। इसका मतलब है कि देश की शत प्रतिशत आबादी कोरोना की इस किस्म के निशाने पर है। मतलब जब संक्रमण होगा, तो बहुत तेजी से होगा।