अधिसंख्य लोकसभा सीटों पर इंडिया साझेदारों के बीच समझौता संभव
कांग्रेस को जमीनी हकीकत के आधार पर कार्य करना होगा
-
2023-07-26 15:26 UTC
विपक्षी दलों के बेंगलुरु सम्मेलन के आयोजन को लगभग एक सप्ताह बीत चुका है, जिसने 26 भाजपा विरोधी दलों वाले नये मोर्चे इंडिया को जन्म दिया। 18 जुलाई के बाद के दिनों में, मीडिया और भाजपा नेताओं दोनों का ध्यान घटक दलों की अलग-अलग प्रकृति पर रहा है और इसपर भी कि 2024 में होने वाले आगामी लोकसभा चुनावों में भाजपा और विस्तारित एनडीए को एकजुट होकर हराने के लिए भागीदारों के बीच सीट बंटवारे को सफल बनाना कितना मुश्किल है।जाहिर तौर पर ऐसा लग सकता है कि इन दलों को एक स्वीकार्य सीट बंटवारे के फॉर्मूले पर सहमत करना बेहद मुश्किल काम है, लेकिन अगर एक राज्य से दूसरे राज्य की राजनीतिक स्थिति का विश्लेषण किया जाये, तो यह स्पष्ट हो जायेगा कि यह समस्या 543 सीटों मेंसे केवल 150 सीटों तक ही सीमित होगी।लगभग 400 सीटों पर, सामान्य पैटर्न पहले से ही लागू है और व्यवस्था पर निर्णय लेने के लिए इसे थोड़ा ही ठीक करने की आवश्यकता होगी।