पंजाब नेशनल बैंक का महाघोटाला
मोदी के सामने एक नई चुनौती
-
2018-02-16 12:30 UTC
एक और महाघोटाले की गूंज पूरे देश में सुनाई पड़ रही है। यूपीए सरकार के बाद सार्वजनिक होने वाला एक यह एक ऐसा घोटाला है, जिसकी राशि आम लोगों के दिमाग खराब करने वाली है। यह घोटाला पंजाब नेशनल बैंक में हुआ है और खुद उसका कहना है कि इसकी राशि 11 हजार 3 सौ करोड़ रुपये से ज्यादा है, हालांकि इसकी जांच कर रहा प्रवर्तन निदेशालय का कहना है कि इसकी राशि 14 हजार 4 सौ करोड़ से भी ज्यादा है। सोशल मीडिया पर बताया जा रहा है कि घोटाले के कारण नुकसान की राशि 36 हजार करोड़ रुपये तक जा सकती है। अलग अलग लोग और अलग अलग अनुमान, लेकिन सारे के सारे अनुमान यही कहते हैं कि यह बहुत बड़ा घोटाला है और पहले से ही बीमार पड़ रही बैंकिंग व्यवस्था को यह और भी बीमार बना सकता है।